स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीजों के खून के सैंपल लेकर बांटी दवाईयां
सिधौली (सीतापुर)। सिधौली के खेरवा में डेंगू का एक मरीज मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। गुरुवार को टीम ने गांव पहुंचकर 40 मरीजों केे खून के सैंपल लिए। अन्य मरीजों को बुखार की दवाएं वितरित की गईं।
ग्राम पंचायत खेरवा के मजरा खरवालिया में राजेश को कई दिनों से बुखार आ रहा था। उन्होंने निजी चिकित्सालय में इलाज कराया। लेकिन फायदा नहीं हुआ। इसके बाद लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चेकअप कराया। वहां पर उन्हें डेंगू होने की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी होने पर टीम गुरुवार को गांव पहुंची। गांव में तमाम लोग बुखार से पीड़ित मिले। मनोज, अंश, रघुवर, देशराज, हनुमान, कमला, मांशी, सरिता सहित 44 लोगों के खून के सैंपल लिए। अन्य मरीजों को बुखार की दवाएं वितरित कीं।
अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र चौधरी ने बताया कि एक मरीज को डेंगू की जानकारी मिलने पर टीम को गांव भेजा गया था। मरीजों को दवाएं वितरित करते हुए इलाके में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करा दिया गया है।
रेउसा में बुखार की चपेट में 30 से अधिक मरीज
रेउसा। रेउसा कस्बे में बुखार का प्रकोप फैल रहा है। 30 से अधिक लोग बुखार व उल्टी दस्त की चपेट में है। यह लोग प्राइवेट डॉक्टरों से इलाज कराने को मजबूर हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह लापरवाह बना हुआ है। इलाके में न ही दवाओं का छिड़काव कराया गया है न ही टीम कस्बे में मरीजों का हालचाल लेने पहुंची है।
इससे कस्बावासियों में आक्रोश पनप रहा है। कस्बे के पुरानी बस्ती निवासी जाहिद तेली, रसूल मंगरे, रवि, शिवा, शक्तिमान, राजेश, बैजनाथ आदि बुखार की चपेट में आ चुके हैं। इनको कई दिनों से तेज बुखार आ रहा है। यह लोग प्राइवेट चिकित्सकों से इलाज कराने को मजबूर हो रहे हैं।
वही स्वास्थ्य महकमा इससे बेपरवाह बना हुआ है। बाशिंदों का कहना है कि कबीर आश्रम के टहलदास बाबा बुखार की चपेट में आकर लखनऊ में भर्ती है। रोजाना नए मरीज सामने आ रहे हैं। फिर भी जिम्मेदार लापरवाही बरत रहे हैं।