सीतापुर। टीकाकरण की वह घड़ी आ गई, जिसका लंबे समय से युवा बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। 18 साल से अधिक उम्र के लोगों का जिले में मंगलवार से टीकाकरण शुरू होगा। पहले दिन आम पब्लिक के बजाए संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों को वैक्सीन की पहली डोज दी जाएगी। चार केंद्रों पर आयोजित टीकाकरण में प्रत्येक केंद्र पर 50 लोगों को टीका लगेगा।
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि नियमित टीकाकरण के साथ ही एक जून से चार विशेष कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का पर टीका लगेगा। हर केंद्र पर कम से कम 50 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न अदालतों में कार्यरत 18 से 44 साल की आयु वर्ग के कर्मियों और अधिवक्ताओं के लिए सिविल कोर्ट में विशेष टीकाकरण केंद्र बनाया गया है।
इसी तरह शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय और बैंक कर्मियों के लिए एलडीएम कार्यालय पर यह विशेष टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। इसी आयु वर्ग के मीडिया कर्मी और सूचना विभाग के कर्मी जिला सूचना अधिकारी कार्यालय पर बनाए गए विशेष टीकाकरण केंद्र पर अपना पंजीकरण कराकर टीका लगवा सकते हैं। इन जगहों पर टीकाकरण का काम पूरा होने के बाद इन विशेष टीकाकरण केंद्रों को दूसरे स्थलों पर आयोजित किया जाएगा।
दो बने स्पेशल कोविड सेंटर
सीएमओ ने बताया, जिले में दो अभिभावक स्पेशल कोविड वैक्सीनेशन सेंटर का गठन किया गया है। यह केंद्र सीतापुर आंख अस्पताल और रामकोट पीएचसी पर बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर वह अभिभावक अपना टीकाकरण करा सकते हैं। जिनके बच्चों की उम्र 12 साल से कम और उनकी उम्र 18 से 44 साल के मध्य है। इसके लिए इन अभिभावकों को कोविन पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके अलावा अभिभावकों को टीकाकरण के समय अपने साथ बच्चे की उम्र का कोई प्रमाण पत्र आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा अन्य कोई प्रमाण पत्र लाना होगा।
पंजीकरण होगा अनिवार्य
एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि टीकाकरण से पूर्व हर व्यक्ति को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्र के लोग शहरी पीएचसी इस्माईलपुर, आंख अस्पताल के साथ ही खैराबाद और परसेंडी सीएचसी पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा सिधौली, मिश्रिख, लहरपुर, महमूदाबाद और महोली तहसील मुख्यालयों पर भी पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं। लोग कोविन पोर्टल पर भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
एक की मौत, सात पॉजिटिव
सीतापुर। जिले में कोरोना संक्रमण अब अंतिम पायदान पर पहुंच गया है। सोमवार को पूरे जिले में महज सात लोग संक्रमित हुए है। एक मरीज की मौत हो गई है। जिले में कोरेाना का संक्रमण अब आखिरी सांसे गिन रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सात लोग पॉजिटिव हुए है। इनको होम आइसोलेट कर दिया गया है।
पोर्टल पर एक मरीज की मौत की सूचना फीड की गई है। विभाग इस मरीज की जानकारी जुटा रहा है। जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या 229 हो गई है। वहीं मौतों की संख्या बढ़कर 172 पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया जल्द ही जिला कोरोना मुक्त की राह पर अग्रसर होगा।