सीतापुर। कोरोना संक्रमण के दौर में रेलवे प्रशासन की मुहिम रंग लाई पर इसका फायदा जिलेवासियों को नहीं मिल सका। संक्रमित कोरोना मरीजों के लिए 20 कोविड कोच जिले के लिए आए थे। यह करीब एक माह तक जंक्शन पर ही खड़े रहे। इन कोच में एक भी मरीज के भर्ती होने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे यह वापस लौट गए।
मार्च 2020 के बाद कोरोना का संक्रमण देश में तेजी से फैल रहा था। उस समय कोरोना ने जिले में दस्तक दी थी। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने होटल, स्कूल व मैरिज हॉल अधिग्रहीत कर लिए थे। इन जगहों पर पॉजिटिव मरीजों को भर्ती करने का प्लान तैयार हुआ था। मरीज के लिए जगह कम न पड़ जाए, इसके लिए केंद्र सरकार ने कोविड कोच तैयार किए थे।
इन कोचों में मरीजों को भर्ती करने के साथ ही इलाज की व्यवस्था थी। जिले में 20 कोच अप्रैल व मई माह में आए थे। इनको जंक्शन पर ही खड़ा कर दिया गया था। यह पूरी तरह से तैयार थे। करीब एक माह तक यह मरीजों की राह देखते रहे।
जब मरीज नहीं पहुंचे तो इनको रेलवे विभाग ने वापस बुला लिया। जिले में पॉजिटिव मरीज भर्ती करने की पहले से ही पर्याप्त व्यवस्थाएं थीं। जंक्शन अधीक्षक एके शुक्ला ने बताया कि जिले के लिए 20 कोविड कोच आए थे। करीब एक माह तक रेलवे ट्रैक पर ही ये खड़े रहे। किसी जनपद से भी इनकी डिमांड नहीं आई। इससे यह वापस चले गए।