सीतापुर। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर सोमवार को करीब दो किमी. लंबा जाम लगने से लोग परेशान हो उठे। सड़क के दोनों ओर कई लेन में वाहनों की लंबी कतारें लगने से उमस भरी गर्मी के बीच राहगीरों को जूझना पड़ा। हाईवे को फोरलेन बनाने का काम कर रही पोकलैंड मशीन के बीच सड़क पर काफी देर तक खड़ी रहने से जाम लग गया। करीब दो घंटे तक जाम में फंसे रहने के बाद यातायात बहाल होने पर आवागमन शुरू हो सका।
सीतापुर से बरेली के बीच फोरलेन बनाने का काम चल रहा है। जिला मुख्यालय से महोली के बीच नेशनल हाईवे की सूरत बिगड़ चुकी है। यहां पर एनएचएआई की ओर से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सोमवार को पिरई पुल के पास निर्माण कार्य चल रहा था। पुल के पास पोकलैंड मशीन बीच सड़क पर आ गई और काफी देर तक हाईवे पर खड़ी रही, इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गई।
हाईवे पर हर वक्त आवागमन होने की वजह से देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर से करीब दो किमी लंबा जाम लग गया। मशीन बीच सड़क पर खड़ी होने की वजह उसे किनारे में काफी समस्या आई और समय भी लगा। इसी वजह से जाम और बढ़ गया। हाईवे के इस ओर कांशीराम कॉलोनी के पास तक और उधर, खगेसियामऊ के करीब तक लंबा जाम लग गया।
ट्रक, बस, कार से लेकर बाइक सवार तक जाम में फंस गए और काफी देर तक फंसे खड़े रहे। हाईवे पर जाम लगने की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और इसके बाद कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया। करीब दो घंटे तक जाम लगने से लोग परेशान रहे। उमस के बीच गर्मी से भी राहगीरों को जूझना पड़ा। जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
कई बार गिरते-गिरते बचे लोग
नेशनल हाईवे पर पिरई पुल के पास जाम लगने के दौरान कई बाइक सवार ऐसे थे, जिन्हें जल्दबाजी थी। इस दौरान साइड से होकर निकलने के दौरान कई बाइक सवार गिरते-गिरते बचे। अगर नीचे गिरते तो बड़ा हादसा हो सकता था। वजह, जहां पर जाम लगा था, वहां पर ऊंचाई अधिक थी और नीचे कई फिट गहरी खाई थी। जाम लगने के दौरान कई बार ऐसे हालात बने, जब लोग गिरते-गिरते बचे।
करीब दो घंटे तक जाम में फंसे रहने के बाद यातायात बहाल होते ही हर किसी को जल्दी रही। जल्दबाजी की होड़ में लोगों के वाहन एक-दूूसरे से खूब टकराए और लड़े। इससे किसी की गाड़ी का अलग तो किसी का पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, इससे लोगों का नुकसान भी हुआ है।
उमस और बूंदाबांदी से परेशान रहे राहगीर
जाम लगने के दौरान करीब साढ़े 12 बजे बूंदाबांदी हो रही थी। कहीं तेज बारिश होने लगती तो कहीं बूंदाबांदी। बूंदाबांदी थमने के बाद अचानक धूप निकल आती थी। करीब दो घंटे के दौरान कई बार बारिश, बूंदाबांदी के बीच धूप निकलने से कार, टेंपो, बस में सवार लोग उमस से परेशान हो उठे। जाम खुलने के बाद राहत की सांस ली।