रेउसा (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में निजी डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाने के बाद एक किशोर की हालत बिगड़ गई। लखनऊ ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। पीड़ित पिता ने निजी डॉक्टर के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
थानाक्षेत्र के ग्राम चंद्रसेनी निवासी राजेश सिंह का पुत्र पुलकित (16) पिछले दिनों साइकिल से गिर गया था। इससे उसके पैर में चोट आई थी। राजेश रेउसा सीएचसी के सामने प्रैक्टिस करने वाले निजी डॉक्टर के यहां इलाज के लिए पुलकित को ले गया था। राजेश के मुताबिक, डॉक्टर लखनऊ से हर शुक्रवार को यहां आते हैं। उनका लखनऊ में एक चिकित्सालय चलता है।
आरोप है कि डॉक्टर ने दवा देने के बाद पुलकित को लखनऊ स्थित अपने अस्पताल में भर्ती करने को कहा। खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देकर राजेश ने असमर्थता जताई तो डॉक्टर नाराज हो गए। आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाने के बाद पुलकित घर पहुंचा तो उसकी हालत बिगड़ गई। शरीर पर छाले पड़ गए।
इस पर राजेश बेटे को लेकर जब फिर क्लीनिक पहुंचा तो डॉक्टर नहीं मिले। मोबाइल पर कॉल की तो डॉक्टर ने सीधे मुंह बात नहीं की। इस पर राजेश मजबूरी में बेटे को लेकर लखनऊ रवाना हुआ। मगर रास्ते में ही पुलकित ने दम तोड़ दिया। इ
सकी सूचना देने पर डॉक्टर भड़क गया और अभद्रता करने लगा। मृतक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कस्बा इंचार्ज एसबी सिंह ने बताया कि, तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।