गोंदलामऊ में बुखार से पीड़ित मिले 458 मरीज
औरंगाबाद (सीतापुर)। गोंदलामऊ इलाके के आधा दर्जन गांवों में बुखार से 458 मरीज पीड़ित मिले हैं। इनमें सैकड़ों मरीजों को तेज बुखार आ रहा है। तीन दिन बाद स्वास्थ्य विभाग के आला की नींद खुली। वह टीम को लेकर गांव पहुंचे। 203 मरीजों के ब्लड के सैंपल भरे गए। अन्य मरीजों को दवाएं वितरित की गईं।
सीएचसी गोंदलामऊ व रामगढ़ की टीम ने गांव में कैम्प लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बबुरीखेरा में 70 मरीज मिले। इनमें 28 को तेज बुखार आ रहा था। 125 मरीजों को दवाएं वितरित की गई। नगवा में बुखार से 81 मरीज पीड़ित मिले। 25 को तेज बुखार आ रहा था।
ब्रम्हावली में 129 मरीजों को दवाएं दी गईं। 71 मरीज तेज बुखार की चपेट में मिले। इसके अलावा सैदापुर, पैरवा,नटवरग्रंट, मिर्जापुर व सूरजपुर गांव में मिलाकर 458 मरीज मिले। इसमें 203 के ब्लड सैंपल लिए गए। इस टीम में चिकित्साधिकारी डॉ. दिप्ती सक्सेना, दिनेश कुमार, अनुराग तिवारी शामिल रहे।
इसके अलावा जिला मुख्यालय से गई टीम में एसीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. एके गौतम, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. स्वतंत्र मिश्रा ने जमुनापुर, नटवरग्रंट, बबुरीखेरा व पैरवा का निरीक्षण किया। पैरवा की बिट्टू देवी 30 की गंभीर हालात मिली। इनको सीएचसी गोंदलामऊ में भर्ती कराया। सीएचसी गोंदलामऊ के अधीक्षक डॉ. धीरज मिश्र ने बताया कि सभी मरीजों को दवाएं दे दी गई है। इनके ब्लड सैंपल की जांच कराई जाएगी।