जिले को मिली 66.80 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
सीतापुर। भाजपा सरकार में पहली बार यूपी दिवस मनाया जा रहा है। ये हमारी सरकार की एक उपलब्धि है। हमें विरोधियों के अनर्गल आरोप-प्रत्यारोप की अनदेखी करते हुए सबका साथ सबका विकास की तर्ज पर काम करना है। ये बातें सूबे की कैबिनेट मंत्री व जिला प्रभारी रीता बहुगुणा जोशी ने कहीं। वे बुधवार को शहर की नवीन गल्लामंडी में यूपी दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में उन्होंने 26 करोड़ 47 लाख रुपये की नौ परियोजनाओं का लोकार्पण और 40 करोड़ 33 लाख की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि, जनहित की तमाम योजनाएं केंद्र व प्रदेश सरकार चला रही हैं। आने वाले दिनों में हमारी सरकारों के खाते में इतनी उपलब्धियां दर्ज हो जाएंगी कि विरोधियों के मुंह अपने आप बंद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि, योगी सरकार ने ‘एक जिला एक उत्पाद योजना’ के तहत सीतापुर का दरी उद्योग चुना है। जल्द ही दरी उद्योग के दिन फिर से बहुरेंगे। सरकार दरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए तेजी से काम कर रही है। समारोह में उन्होंने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पिसावां, जीजीआईसी इमलिया सुल्तानपुर, जीजीआईसी मोहम्मदापुर द्वितीय (पिसावां), जीजीआईसी मिश्रिख, जीजीआईसी कसमंडा के छात्रावास, कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज महमूदाबाद के छात्रावास, तहसील महोली में नवनिर्मित आवासीय भवनों, पाताबोझ में मिश्रिख सोलर पावर परियोजना और रामकोट ग्रामीण पाइप पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इसके अलावा राजकीय पॉलीटेक्निक ऐलिया में 60 आवासीय क्षमता के छात्रावास, जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन, मिश्रिख में 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र, महोली व सिधौली में किसान कल्याण केंद्र, सीतापुर व महोली में नवीन नलकूप परियोजना तथा पांच सड़कों का शिलान्यास भी किया। रीता ने कहा कि, इन परियोजनाओं से जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी। समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। इस मौके पर सांसद अंजू बाला, विधायक रामकृष्ण भार्गव, महेंद्र यादव, शशांक त्रिवेदी, डीएम डॉ. सारिका मोहन, सीडीओ अरविंद चौरसिया आदि मौजूद रहे।
समारोह में रीता बहुगुणा जोशी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शिव नारायन शर्मा के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में राष्ट्रपति से पुरस्कार प्राप्त शिक्षक अशोक प्रजापति, मस्त हफीज रहमानी, इम्बिशातुल हसन रिजवी, संजीव मेहरोत्रा, फरहत बेग सनी, निगहत मिर्जा, रियाज अहमद, अरुण सहगल, हरि प्रकाश रस्तोगी, रामअवतार शर्मा, संजय अग्रवाल आदि शामिल थे।