संदना, पिसावां, सिधौली क्षेत्र में हुई घटनाएं
सीतापुर। सोमवार को जिले के हुए विभिन्न सड़क हादसों में जहां एक मासूम बालिका सहित तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं सात अन्य लोग जख्मी हो गए। घायलों को विभिन्न सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पिसावां इलाके के इदलापुर गांव निवासी मुकेश सोमवार को परिवार के अन्य लोगों के साथ खेत में काम कर रहा था। कुछ देर के लिए वह और उसके परिवार के लोग चकरोड के पड़ोस लगे पेड़ की छांव में सुस्ताने आ गए। इस दौरान उसकी एक साल की बेटी छोटी बिटिया खेलते हुए चकरोड पर पहुंच गई।
तभी उधर से गुजरे एक ट्रैक्टर ट्राली ने बच्ची को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उधर, संदना प्रतिनिधि के अनुसार, मुंडन संस्कार से लौट रहे पिसावां इलाके के एक युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पिसावां के वजीरनगर निवासी 30 वर्षीय लल्लन पुत्र सूरज प्रसाद सोमवार को संदना इलाके के तेरवा गांव निवासी अपने चचेरे भाई शिव सेवक के यहां मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। दोपहर बाद वह बाइक से वापस घर जा रहा था। जब संदना इलाके में सरवा मोड़ पर पहुंचा, तभी मिश्रिख की ओर से जा रही कार ने टक्कर मार दी। जिससे लल्लन की मौके पर ही मौत हो गई।
मिश्रिख प्रतिनिधि के मुताबिक, इलाके में नैमिषारण्य के करीब सोमवार को एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार हरदोई के बेनीगंज इलाके के इटहापुर गांव निवासी 45 वर्षीय भगवान बक्स जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मृतक के परिवारीजन भी पहुंच गए थे।
सिधौली प्रतिनिधि के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर गडिय़ा हसनपुर के सामने लखीमपुर निवासी श्यामजी त्रिवेदी अपनी बुलेट से गुजर रहा था। सामने से सिधौली के गंधौली निवासी अमित कुमार व उसका रामपुर कलां के कोडऱी निवासी बहनोई विक्रम, बहन ममता, बहन का बेटा सत्यम निकल रहा था। दोनों बाइकों में सामने से जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दोनों बाइकों पर सवार लोग जख्मी हो गए।
उनको सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से श्यामजी, अमित व बिक्रम को जिला अस्पताल भेजा गया। महमूदाबाद प्रतिनिधि के अनुसार, रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में महमूदाबाद मार्ग पर तुलसीपुर खरिका के पास बाराबंकी के पाराछेदा निवासी प्रदीप, सोनू बाइक से जा रहे थे।
सामने से जा रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। दोनों बाइकों की टक्कर में प्रदीप व सोनू के अलावा दूसरी बाइक पर सवार सरोज भी जख्मी हो गया। घायल प्रदीप व सरोज को सीएचसी रामपुर मथुरा में भर्ती कराया गया।
शिक्षक नेता की कार में ट्रक ने मारी टक्कर, लोगों ने ट्रक चालक को पीटा
रेउसा (सीतापुर)। कस्बे के मुख्य चौराहे पर एक ओवरलोड बालू से भरे ट्रक ने रविवार को प्राथमिक शिक्षक संघ इकाई रेउसा के अध्यक्ष महेंद्र पांडेय की गाड़ी में टक्कर मार दी। जिससे अध्यक्ष की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। कार में संघ के महामंत्री सचिदानंद अवस्थी सहित पांच लोग सवार थे।
यह लोग रेउसा किसी काम से गए थे। घटना के बाद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ कर उसकी पिटाई की। उसे ट्रक सहित पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस का कहना है कि हादसा कोई नहीं हुआ। शिक्षकों की गाड़ी में नुकसान हुआ था। जिसकी ट्रक मालिक ने भरपाई कर आपस में समझौता करा लिया।