लहरपुर के तीन व नैपालापुर के एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी
सीतापुर। जिले में बिना फार्मासिस्ट के मेडिकल स्टोर चल रहे है। इन मेडिकल स्टोरों पर मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। डीआई के निरीक्षण में लहरपुर व नैपालापुर में चार मेडिकल स्टोर अवैध रुप से चलते हुए मिले। इस पर यहां से दो कॉस्मेटिक व चार दवाओं के नमूने भरे गए। इन सभी के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए है।
जिला औषधि निरीक्षक नवीन कुमार ने मंगलवार को अवैध रुप से चल रहे मेडिकल स्टोरों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। डीआई लहरपुर इलाके के फूलनपुर पहुंचे तो यहां पर मदीना मेडिकल स्टोर की जांच की तो यहां हर जगह अव्यवस्था ही हावी रही। मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट नदारद मिला।
साथ ही दवाओं को रखने के लिए फ्रिज भी नहीं था। फूलनपुर के सौरभ व जुनैद मेडिकल स्टोर को चेक किया तो कदम दर कदम पर कमियां उजागर हुई। न तो फार्मासिस्ट मिला और न ही दवाओं का रखरखाव करने का सही इंतजाम मिला। इसके बाद डीआई ने लहरपुर से वापस आते समय नैपालापुर चौराहे पर चल रहे आनंद मेडिकल स्टोर की पड़ताल की।
यहां भी फार्मासिस्ट नहीं मिले। इस पर डीआई ने चारों मेडिकल स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। वहीं यहां पर मिलावट की आशंका को देखते हुए दो कॉस्मेटिक व चार दवाओं के नमूने भरे गए हैं। इनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।