क्राइम ब्रांच व संदना पुलिस ने संयुक्त रूप से की कार्रवाई
संदना (सीतापुर)। क्राइम ब्रांच व इलाकाई पुलिस ने दो ऑटोलिफ्टरों को दबोचकर उनके पास से चोरी की 10 बाइकें बरामद की हैं। संदना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने थाना क्षेत्र के सिंडिकेट बैंक शाखा अनोगी के पास चेकिंग के दौरान शक के आधार पर एक बाइक को रुकने का इशारा किया।
इस बाइक पर तीन लोग सवार थे। पुलिस को देख उन्होंने भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को धर दबोचा। जबकि एक भागने में सफल रहा। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान संजय निवासी अनोगी थाना संदना व नजीम निवासी औरंगाबाद थाना मिश्रिख के रूप में हुई है।
कड़ाई से पूछताछ करने पर इन्होंने बाइकें चोरी करने की बात कुबूल की है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने अनोगी में छुपाकर रखी गई नौ और चोरी की बाइकें बरामद की हैं। यह शातिर बदमाश बाइक चोरी कर उनकी नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे।