12 पदों पर 39 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
प्रधान 7, डीडीसी 2, बीडीसी 12 परचे आए
त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव
सीतापुर। त्रिस्तरीय पंचायत के उपचुनाव में मंगलवार को जिले के 17 ब्लॉकों में प्रधान, डीडीसी समेत 12 बीडीसी पदों पर नामांकन किया गया। चार प्रधान पदों के लिए 25 प्रत्याशियों ने नामांकन किए। जबकि 7 बीडीसी पदों पर बारह लोगों ने पर्चे दाखिल किए। इनमें सिधौली, पहला, बिसवां एवं महमूदाबाद ब्लॉक में एक-एक नामांकन होने से बीडीसी पद भी निर्विरोध हो गए हैं। परसेंडी में बीडीसी पद के लिए चार और एलिया में बीडीसी पद पर तीन नामांकन होने से इन पर चुनाव होगा। एक जिला पंचायत सदस्य पद पर दो लोगों ने पर्चा दाखिल किया। इनके अलावा 159 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर भी नामांकन प्रक्रिया हुई।
बताते चलें कि सीतापुर जनपद में 17 ब्लॉकों में रिक्त प्रधान, डीडीसी, बीडीसी समेत 171 ग्राम पंचायत सदस्य पदों की उपचुनाव की प्रक्रिया अपनाई गई। नामांकन प्रक्रिया को लेकर रविवार को यहां के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर सुबह से गहमागहमी का दौर शुरू हो गया था। साथ ही विभिन्न पदों के दावेदारों की भीड़ भी उमड़ने लगी थी। सुबह दस बजे से सायं चार बजे तक चली नामांकन प्रक्रिया में समूचे जिले में रिक्त प्रधान, डीडीसी, बीडीसी पदों पर 39 लोगों ने पर्चे दाखिल किए। हरगांव ब्लॉक में उदनापुर कोरैया प्रधान पद के लिए आठ लोगों ने पर्चा दाखिल किया। इनमें सुनीता देवी, कमला देवी, यासमीर, साजिदा, सुबैदा खातून, शहनाज बानो, आसमां अंसारी, नजमा शामिल हैं। इसी प्रकार बनिहार में पांच लोगों ने नामांकन किया, इनमें मिथिलेश, रमेश चंद्र, अवधेश कुमार, ऊषा देवी, छविनाथ शामिल हैं। रेउसा ब्लॉक की ग्राम पंचायत खुरवलिया में सात लोगों ने नामांकन किया। जिनमें नंदरानी, मनोज कुमार, अशोक कुमार, राकेश सिंह, नीतू सिंह, उमा प्रताप सिंह, सीमा देवी शामिल है। इसी प्रकार बेहटा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अकबरपुर में पांच लोगों ने पर्चा दाखिल किया। इनमें सरवर जहां, जब्रूनिशा, तसलीम, खुशनुमा खातून व अलिया शामिल हैं। सिधौली ब्लॉक के बीडीसी पद के निर्मला, पहला ब्लॉक के कुंसड़ा में रमेश, जमुना देवी ने परचा भरा। बिसवां ब्लॉक में वसुदहा प्रथम पद के लिए गुड्डू लाल, महमूदाबाद ब्लॉक कुंसडा में शर्मा देवी ने नामांकन किया। एलिया ब्लॉक के जगदीशपुर समौरा पद के लिए अनीता देवी, सीमा देवी, कैसर जहां ने पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा परसेंडी में भी चार लोगों ने नामांकन किया।