मौसम का रुख शुक्रवार देर रात अचानक बदल गया। तेज आंधी से 180 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त और तार टूटने से जिले भर की बिजली गुल हो गई। शहर में मरम्मत के बाद देर रात आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को भी दिनभर आपूर्ति ठप रही।
शुक्रवार रात करीब 11.30 बजे मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। पहले तेज धूल भरी हवा चली फिर देखते ही देखते हवा आंधी में तब्दील हो गई। इसी बीच हल्की फुहारें पड़ने से मौसम सुहाना हो गया।
आंधी के कारण हुसैनगंज पावर हाउस से निकलने वाली मेन लाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने और अलग-अलग जगहों पर 180 विद्युत पोल धराशाई होने से जिले की आपूर्ति ठप हो गई। शहर में मरम्मत के बाद देर रात आपूर्ति बहाल कर दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली रात से लेकर शनिवार को दिन भर गुल रही।
बिजली के बगैर लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। मिश्रिख, लहरपुर आदि नगरीय इलाकों में दोपहर बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई। जबकि पिसावां, रेउसा, थानगांव, कमलापुर, अटरिया इत्यादि क्षेत्रों में लाइनमैन मरम्मत में जुटे हुए थे। इन ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार की देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना विभागीय अफसरों ने जताई है।