सीतापुर। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन एक जून से जिले में लगाई जाएगी। इसके लिए जिले में चार केंद्र बनाए जाएंगे। विभिन्न संस्थाओं में भी कैम्प आयोजित करके वैक्सीन लगाई जाएगी। एक केंद्र पर एक दिन में कम से कम 50 लोगों को वैक्सीन लगेगी। इसको लेकर स्वास्थ्य महकमा तैयारियों में जुटा हुआ है।
सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया जनपद सीतापुर में 18 से 44 साल की उम्र के लोगों को एक जून से कोविड से बचाव का टीका लगाया जाएगा। इसके लिए चार विशेष कोविड वैक्सीनेशन सेंटर बनाए जाएंगे। जिले में रोजाना कम से कम एक हजार लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। प्रत्येक सेंटर पर कम से कम 50 लोगों का टीकाकरण अवश्य किया जाएगा।
विभिन्न अदालतों में कार्यरत कर्मियों, अधिवक्ताओं और उनके सहायकों के लिए सिविल कोर्ट, शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए राजकीय इंटर कॉलेज स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, बैंक कर्मियों के लिए एलडीएम कार्यालय और मीडिया कर्मियों के लिए जिला सूचना अधिकारी कार्यालय पर एक जून को यह विशेष टीकाकरण केंद्र बनाएं जाएंगे।
इन केंद्रों पर प्रतिदिन 50 लोगों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण का काम पूरा होने के बाद इन्हें दूसरे स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। एसीएमओ डॉ. पी के सिंह ने बताया कि न्यायालय कर्मियों की सूची जिला न्यायाधीश द्वारा, मीडिया कर्मियों की सूची जिला सूचना अधिकारी द्वारा, शिक्षकों की सूची डीआईओएस/ बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा और बैंक कर्मियों की सूची एलडीएम के माध्यम से मांगी गई है। जिससे टीकाकरण का काम सुचारू रूप से चल सकें।
निर्धारित हुए पंजीकरण केंद्र
एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि टीकाकरण से पूर्व हर व्यक्ति को ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए जिले में विभिन्न स्थानों पर पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्र के लोग शहरी पीएचसी इस्माईलपुर व आंख अस्पताल के साथ ही खैराबाद और परसेंडी सीएचसी पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा सिधौली, मिश्रिख, लहरपुर, महमूदाबाद और महोली तहसील मुख्यालय पर भी पंजीकरण केंद्र बनाए गए हैं।
इनको लग चुका है टीका
जिले में अब तक करीब 2.54 लाख लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा चुका है। इनमें से करीब दो लाख छह हजार को पहली डोज लगवाई गई है। जबकि 48 हजार लोगों ने टीके की दोनों डोज लगवा ली है। एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि 45 साल से अधिक उम्र के लोग शहर में आंख अस्पताल के अलावा शहरी पीएचसी दुर्गापुरवा और सदर में कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवा सकते हैं। इसके अलावा सभी सीएचसी पर भी वैक्सीन लगवा सकते हैं।
24 घंटे में 14 नए कोरोना संक्रमित मरीज
सीतापुर। जिले में कोरोना का संक्रमण थमता नजर आ रहा है। शनिवार को महज 14 लोग संक्रमित मिले है। जिले में एक्टिव केसों की संख्या 276 हो गई है। वहीं शनिवार को एक भी मौत नहीं हुई है। जिला सीतापुर धीरे-धीरे कोरोना मुक्त होने की राह पर बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में पूरे जिले में केवल 14 लोग कोरोना से संक्रमित मिले है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पीके सिंह ने बताया जिले में एक्टिव केस दिन प्रतिदिन घटते जा रहे है। 276 केस बचे है। यह भी नगभग एक सप्ताह के अंदर निगेटिव हो जाएंगे। केवल तीन गंभीर मरीज जिला अस्पताल के एल-टू में भर्ती है।