पीड़िता के पिता की तहरीर पर युवक पर रेप, भाइयों पर मारपीट का केस दर्ज
लहरपुर (सीतापुर)।। कोतवाली इलाके में शनिवार को गांव के बाहर नित्यक्रिया को जा रही एक किशोरी के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया और मुंह खोलने पर धमकी देते हुए मौके से भाग गया। पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती बताई।
बाद में उलाहना लेकर परिवारीजन आरोपी के घर गए तो वहां पर आरोपी के भाइयों ने परिवार से मारपीट की। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई। पुलिस ने रेप और मारपीट का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों पक्ष एक ही गांव के होने की वजह से तनाव है।
लहरपुर इलाके के एक गांव की रहने वाली 15 साल की किशोरी शनिवार को गांव के बाहर नित्यक्रिया को गई थी। आरोप है कि गांव के ही निवासी रामकिशुन ने उसे दबोच लिया और गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद मुंह खोलने पर धमकी देते हुए भाग गया।
पीड़िता ने घर पहुंचकर आपबीती बताई। इसको लेकर परिवारीजन शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंचे तो पहले दोनों के बीच काफी कहासुनी हो गई। बातचीत बढ़ने पर आरोपी पक्ष उग्र हो गया है। आरोप है कि उलाहना लेकर पहुंचे परिवार के साथ आरोपी के भाइयों ने मारपीट कर दी। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई।
पुलिस ने आरोपी रामकिशुन पर रेप और उसके भाई सुरेश, प्रभु के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर लहरपुर चैंपियन लाल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।