आयुष्मान योजना से छूटे लोगों को सरकार करेगी पूरी व्यवस्था
सीतापुर। केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण आयुष्मान योजना से छूटे लाभार्थियों को इससे परेशान होने की जरुरत नहीं है। अब उनको मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत लाभ मिलेगा। इसके तहत जिले से करीब छह हजार लोग लाभान्वित होंगे।
ये लोग योजना के पात्र होने के बावजूद इससे वंचित हो गए हैं। इनका राज्य सरकार द्वारा एक सर्वे कराया गया था। इसमें यह लोग चिन्हित किए गए हैं। स्वास्थ्य महकमा राज्य सरकार से निर्देश आने का इंतजार कर रहा है।
जिले में आयुष्मान योजना में 4.26 लाख परिवार को लाभ मिला है। इनको प्रधानमंत्री द्वारा लिखी गई चिट्ठी पहुंच चुकी है। इससे यह लोग पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज पा रहे हैं। इनका चयन 2011 में हुई सामाजिक आर्थिक जनगणना के आधार पर किया गया था।
वहीं जिले में करीब छह हजार ऐसेे लोग हैं जो योजना के पात्र तो हैं, लेकिन किसी कारणवश इससे छूट गए हैं। इसको लेकर राज्य सरकार की तरफ से जुलाई माह में सर्वे कराया गया था। जिसमें यह लोग मिले हैं। अब इनको परेशान होने की जरुरत नहीं है।
राज्य सरकार की तरफ से मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें राज्य सरकार ने बजट दे दिया है। उम्मीद है कि जल्द ही इनको योजना में शामिल करके लाभान्वित किया जाएगा।
560 मरीज को मिल चुका है लाभ
जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुजीत वर्मा ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत जिले में 4.26 लाख परिवार लाभान्वित किए गए हैं। इससे करीब 20 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। अब तक इस योजना के तहत जिले के 560 लोगों को लाभ मिल चुका है। जिसमें 251 लोग जिले में ही इलाज करा चुके हैं। दिन प्रतिदिन लाभान्वित की संख्या बढ़ती जा रही है।
18 अस्पताल हो चुके हैं सूचीबद्ध
आयुष्मान योजना के तहत जिले में 18 अस्पताल सूचीबद्ध हो चुके हैं। इसमें जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, आंख अस्पताल, हिन्द मेडिकल कॉलेज, रेखा दृष्टि आई सेंटर, सेठिया अस्पताल, सक्षम नर्सिंगहोम, प्रगति नर्सिंगहोम शामिल हैं। इसके अलावा सिधौली, खैराबाद, हरगांव, पिसावां, मछरेहटा, मिश्रिख, तंबौर, परसेंडी, कसमंडा व एलिया की सीएचसी भी सूचीबद्ध है।
अच्छी है योजना
लाभार्थी रामभरोसे व रामपाल का कहना है कि इस योजना के तहत आंख अस्पताल में इलाज कराया। इससे बहुत सहूलियत मिली। इलाज पर कोई खर्च नहीं करना पड़ा। धर्मेंद्र का कहना है कि पहली बार कार्ड मिलने पर बहुत खुशी मिली थी। जब अस्पताल पहुंचा तो कार्ड दिखाने पर पूरा खर्च अस्पताल द्वारा उठाया गया है। इसको लेकर कोई समस्या नहीं आई है।
बनवा लें कार्ड
जिला शिकायत प्रबंधक आयुष्मान नरेंद्र सिंह ने बताया कि लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसलिए सभी लाभार्थी अपने निकटतम सीएचसी पर जाकर राशनकार्ड, आधारकार्ड, प्रधानमंत्री की चिट्ठी को दिखाकर कार्ड बनवा लें। इससे इलाज में बहुत सहूलियत मिलेगी। इसको लेकर शिविर भी लगवाए जा रहे हैं।
मिल रही है बेहतर सुविधा
आयुष्मान योजना के तहत जिले में मरीजों को बेहतर सुविधा मिल रही है। अधिकतर जिले के प्रमुख अस्पताल इसमें शामिल हो गए हैं। अब तक योजना को लेकर कोई शिकायत या समस्या नहीं आई है।
-डॉ. पीके सिंह, नोडल प्रभारी आयुष्मान योजना