सकरन (सीतापुर)। शराब पीने के लिए उधार रुपये नहीं मिले तो आपा खोकर दुकान में तोड़फोड़ करते हुए मिठाई सड़क पर फेंक दी। इतने पर भी गुस्सा शांत नहीं हुआ तो दुकानदार की पिटाई कर गल्ले से रुपये भी लूट लिए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी।
थाना व कस्बा सकरन में इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के पास स्थानीय निवासी रामभूखन की मिठाई की दुकान है। गुरुवार रात करीब नौ बजे कस्बा निवासी दो युवक पहुंचे और शराब पीने के लिए रामभूखन से 300 रुपये उधार मांगने लगे।
रामभूखन ने उधार पैसे देने में असमर्थता जताई तो गुस्साए दोनों युवकों ने उसकी दुकान का काउंटर तोड़ डाला और मिठाई सड़क पर फेंक दी। आरोप है कि रामभूखन की पिटाई कर उक्त लोगों ने दुकान के गल्ले से चार हजार रुपये भी लूट लिए।
पीड़ित ने दोनों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक नोवेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।