रोजा वाया सीतापुर-बुढ़वल ट्रैक के ब्रॉडगेज में तब्दीली से खत्म हो गया था सीतापुर जंक्शन का अस्तित्व
सीतापुर। सीतापुर जंक्शन का खोया गौरव एक फिर लौट आया। करीब 30 बरस पहले यहां के स्टेशन को सीतापुर जंक्शन का दर्जा मिला था। मगर बुढ़वल-वाया सीतापुर-रोजा के आमान परिवर्तन के बाद सीतापुर जंक्शन का नाम बदलकर सीतापुर छावनी व सीतापुर कैंट कर दिए गए थे।
इसके बाद अब ऐशबाग-सीतापुर ट्रैक भी मीटर गेज से ब्रॉड गेज में तब्दील हो चुका है। इस आमान परिवर्तन के बाद यहां के स्टेशन का नाम पुन: सीतापुर जंक्शन कर दिया गया है। जनता को सहूलियत देने के लिहाज से रेलवे ने सीतापुर में दो रेल ट्रैक बिछाए गए थे।
इनमें एक पूर्वोत्तर रेलवे का ऐशबाग वाया सीतापुर-लखीमपुर-मैलानी-पीलीभीत व दूसरा उत्तर रेलवे का रोजा वाया सीतापुर- बुढ़वल एवं सीतापुर कैंट वाया नैमिषारण्य-बालामऊ है। विभागीय जानकारों की मानें तो पहले यहां के दोनों ट्रैक मीटर गेज थे।
यहां के स्टेशन से चारों तरफ विभिन्न इलाकों में ट्रेनें दौड़ाई जाती थी, इसलिए यहां के स्टेशन को सीतापुर जंक्शन का दर्जा मिला था। लेकिन वर्ष 1989 में रोजा वाया सीतापुर जंक्शन-बुढ़वल के मीटर गेज को ब्रॉड गेज ट्रैक बदलने की पुरजोर तरीके से मांग उठाई गई थी।
इस पर तत्कालीन सीतापुर सांसद राजेंद्र कुमारी बाजपेयी ने केंद्र में यह प्रस्ताव रखा था और इस ट्रैक के आमान परिवर्तन कराने की मांग थी। इस प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद रोजा वाया सीतापुर जंक्शन-बुढ़वल मीटर गेज ट्रैक ब्रॉडगेज में तब्दील कर दिया गया।
इस आमान परिवर्तन के साथ ही सीतापुर जंक्शन स्टेशन का नाम बदलकर सीतापुर कैंट व सीतापुर छावनी हो गए थे। इससे सीतापुर जंक्शन का गौरव समाप्त हो गया था। लेकिन अब इधर ऐशबाग-सीतापुर मीटर गेज ट्रैक को भी आमान परिवर्तन से ब्रॉड गेज में बदल दिया गया है।
ऐसे में अब यहां के ऐशबाग-सीतापुर तथा रोजा वाया सीतापुर-बुढ़वल दोनों ट्रैक ब्रॉड गेज हो गए हैं और यहां से एक बार फिर चारों तरफ ट्रेनें दौड़ेगी। जिस कारण यहां के स्टेशन का नाम बदलकर एक बार फिर सीतापुर जंक्शन कर दिया गया है। इससे यहां का करीब 30 बरस पहले खोया सीतापुर जंक्शन स्टेशन का गौरव पुन: मिल गया है।
रोजा-सीतापुर-बुढ़वल मीटर गेज ट्रैक के ब्रॉड गेज में बदलने से सीतापुर जंक्शन का नामोनिशान मिट गया था, लेकिन ऐशबाग-सीतापुर ट्रैक के आमान परिवर्तन से सीतापुर जंक्शन का खोया गौरव दोबारा लौट गया है। यह बेहद खुशी की बात है।
-पद्मकांत शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार
आमान परिवर्तन के बाद यहां के स्टेशन का नाम सीतापुर जंक्शन कर दिया गया है। अब यहां पर सीतापुर जंक्शन के नाम से टिकट जारी किए जाएंगे।
-एके शुक्ला, स्टेशन अधीक्षक, सीतापुर जंक्शन