सीतापुर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर नौकरी के नाम पर ठगी करने के दो मामले सामने आए। इनमें पुलिस ने एक मामले में केस दर्ज कर लिया है। जबकि एक में आरोपी द्वारा रुपये वापस दिए जाने की बात कहने पर मौका दिया गया ह्रै।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला परेड निवासी राजेश रस्तोगी ने लखीमपुर खीरी के खीरी थाना क्षेत्र के सोर जलालपुर निवासी प्रवीण अवस्थी आदि तीन व्यक्तियों के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया कि प्रवीण अवस्थी व उसके साथियों ने नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख रुपये ले लिए। नौकरी न लगने के बाद वे अब रुपये वापस नहीं कर रहे हैं। रुपये मांगने पर जान से मार देने की धमकी दे रहे हैं। दूसरा मामला कमलापुर थाना क्षेत्र का है। कमलापुर क्षेत्र के बल्देव सिंह व रोज अली ने मछरेहटा के यश विजय राज को रविवार को शहर में पकड़ लिया। आरोप लगाया कि यश विजय राज ने रोज अली के पुत्र सलीम को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 41 हजार रुपये ठग लिए। हंगामा बढ़ने पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को बुलाकर कोतवाली ले गई। निरीक्षक दया शंकर सिंह ने बताया कि राजेश रस्तोगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रोज अली ने प्रतिवादी से सुलह कर ली थी, उसने मौका मांगा, जिसकी वजह से दोनों घर चले गए। वहीं रोज अली का मामला भी कमलापुर थाना क्षेत्र का ही है।