कैंप में आज बनेंगे ड्राइविंग लाइसेंस
रामपुर मथुरा के अटौरा में लगेगा शिविर
कई विभागों के स्टॉल में दी जाएंगी जानकारियां
सीतापुर। रामपुर मथुरा विकास खंड के अटौरा में शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से जन कल्याणकारी शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन, विधायक ज्ञान तिवारी सहित अन्य जिला स्तरीय अफसर मौजूद रहेंगे। पहली मर्तबा इस कैंप में ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाएंगे। इसके अलावा फसली व मवेशी बीमा भी होगा। साथ ही आम आदमी बीमा योजना के पंजीकरण होंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा। इसमें लोगों का स्वास्थ्य चेकअप करने के साथ उन्हें निशुल्क दवा दी जाएगी। इसके अलावा सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों पर विभागवार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लाभ लेने वालों का तुरंत पंजीकरण कराया जाएगा। विधायक ज्ञान तिवारी ने बताया अधिक से अधिक लोग इस कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याएं निस्तारित कराएं। वह सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।