3700 गरीबों को मिलेंगी सरकारी छत
प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना में मिलेंगे आवास
ग्राम्य विकास मंत्री आज लाभार्थियों को बांटेंगे स्वीकृति पत्र
सीतापुर। गांजर के बेघर परिवारों का अब खुद का आशियाना होगा। यह संभव होगा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से। योजना में सेवता क्षेत्र के 3700 लोगों को सरकारी छत मुहैया होगी। बुधवार को रेउसा में आयोजित एक समारोह में प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास मंत्री महेंद्र सिंह लोगों को आवास स्वीकृत पत्र वितरित करेंगे।
जनपद का बड़ा हिस्सा गांजरी इलाके के तौर पर जाना जाता है। ऐसे में यह इलाका शैक्षिक एवं आर्थिक दृष्टि से काफी पिछड़ा है। गांजरी इलाके के गरीबों के पास न तो तन ढकने को कपड़ा है और न ही सिर छुपाने को आवास। ऐसे में अधिसंख्य लोग घास-फूस की टूटी-फूटी झोपड़ियों या फिर पॉलीथिन के नीचे गुजर-बसर कर रहे हैं। हालांकि हर साल शासन की आवास योजनाओं में गरीबों का चयन कर उन्हें आवास मुहैया कराए जाते हैं। बावजूद इसके बहुतायत की संख्या में गरीब लोग आवास पाने से वंचित रह जाते हैं। सेवता विधायक ज्ञान तिवारी ने बेघर परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में आवास दिलाने का एक प्रस्ताव शासन को भेजा था। मंजूरी के बाद पहले चरण में 3700 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में सरकारी छत मिल सकेगी। बुधवार को रेउसा में आयोजित एक समारोह में ग्राम्य विकास मंत्री महेंद्र सिंह इन लोगों को स्वीकृत पत्र देंगे।