प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में 17 हजार आवास विहीन लोगों को घर मुहैया कराए जाएंगे। यह घर प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत दिए जाएंगे। मालूम हो कि मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित किए गए 140 अनुसूचित जाति की आबादी वाले गांवों के लाभार्थियों को यह आवास दिए जाएंगे।
मोदी सरकार ने पीएमएजीवाई योजना में प्रदेश के चार जिलों को लिया है, जिसमें सीतापुर भी शामिल है। योजना में चयनित गांवों में ग्राम विकास के साथ ही लाभार्थीपरक योजनाओं का संचालन किया जाना है, जिसके तहत बीस विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन गांवों में आवासहीन निर्धन परिवारों को आवास मुहैया कराना शासन की प्राथमिकता है। जिसके तहत ग्रामवार सर्वे कर 17 हजार लाभार्थियों की सूची बनाई गई है। इन सभी को तीन वर्ष में घर उपलब्ध कराया जाना है।
20 विभाग करेंगे गांवों का विकास
प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित 140 गांवों की कार्ययोजना बनाकर मंगलवार को शासन को भेज दी गई है। कार्ययोजना में बीस विभागों ने अपने गांवों की कार्ययोजना उपलब्ध कराई है, इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 17 हजार लाभार्थियों को आवास देने के लिए कार्ययोजना भी शामिल हैं।