हरगांव चीनी मिल के यार्ड के पास हुई घटना
हरगांव (सीतापुर)। कस्बे में बुधवार को एक बाइक को टक्कर मारने के बाद मैजिक व पिकअप में भी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पौत्र व मैजिक, पिकअप पर सवार चार अन्य लोगों सहित पांच लोग जख्मी हो गए। पांचों घायलों को सीएचसी हरगांव ले जाया गया। वहां से दो लोगों को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
हरगांव के जैतापुर मजरा भदेवां निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला आबिदा खातून अपने पौत्र सुहेल के साथ मिल बाजार से दवा लेकर बाइक से वापस जा रही थीं। इसी बीच सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर चीनी मिल यार्ड के पास उनकी बाइक को टक्कर मारने के बाद एक पिकअप, मैजिक से टकरा गई। जिससे बाइक पर आबिदा की मौत हो गई और उनका पौत्र जख्मी हो गया।
वहीं पिकअप व मैजिक की भिड़ंत से इन दोनों वाहनों पर सवार लखीमपुर खीरी के गोला निवासी इम्तियाज अली, महोली के मस्जिद निवासी जहिरूद्दीन, इमलिया सुल्तानपुर के दहेलिया निवासी जगदीश, हरगांव के शेखापुर निवासी रामश्री पत्नी राम सागर घायल हो गईं। इनको सीएचसी ले जाया गया। वहां से इम्तियाज आदि दो लोगों को सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे में जख्मी युवक ने तोड़ा दम
रेउसा(सीतापुर)। थाना इलाके में सड़क हादसे में जख्मी हुए दंपती में से पति ने बुधवार को ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया। जबकि महिला का इलाज चल रहा है। यह हादसा मंगलवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ था। हादसे के वक्त दोनों बिसवां से खरीददारी कर बाइक से लौट रहे थे।
रेउसा के कंतापुरवा निवासी तीस वर्षीय देेवेंद्र निषाद मंगलवार की सुबह अपनी 25 वर्षीय पत्नी पूनम के साथ बाइक से खरीदारी करने बिसवां गया था। कपड़े खरीद कर दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बिसवां-रेउसा मार्ग पर शारदा पुल फरीदपुर के निकट एक अज्ञात वाहन दंपती की बाइक को टक्कर मार कर निकल गया था। जिससे देवेंद्र व उसकी पूनम जख्मी हो गई थी।
परिजनों दोनों को बिसवां सीएचसी में भर्ती कराया था। वहां से दोनों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया था। ट्रॉमा सेंटर में बुधवार को देवेंद्र की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी का इलाज चल रहा है। देवेंद्र अपने पीछे दो मासूम बच्चों व पत्नी समेत तीन लोगों का परिवार छोड़ गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज किया गया है।