लहरपुर (सीतापुर)। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के उमरिया कला स्थित प्राथमिक विद्यालय का जर्जर भवन बुधवार रात को अचानक भरभरा कर ढह गया। गनीमत यह रही कि यह हादसा रात के वक्त हुआ वरना अगर दिन में यह हादसा होता तो कोई बड़ी घटना घट सकती थी।
मालूम हो कि लहरपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय उमरिया कला में विद्यालय भवन काफी जर्जर हो गया था। जर्जर भवन को ढहाने के लिए विद्यालय प्रबंध समिति, प्रधान, विद्यालय प्रधानाचार्य बीते 10 अप्रैल 2017 से खंड शिक्षाधिकारी, बीएसए, डीएम से इस जर्जर भवन को गिराने की मांग कर रहे थे।
पर किसी ने भी इस पर कार्रवाई नहीं की। नतीजतन बुधवार रात को अचानक यह भवन भरभराकर गिर गया, हालांकि इससे कोई हताहत नहीं हुआ है। उधर, विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय नाथ चौरसिया ने भवन के गिरने की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है।