पीएम आवास योजना में गड़बड़ी करने का मामला
सीतापुर। पीएम आवास योजना में अपात्रों को लाभ देने व ग्रामसभा की भूमि पर आवास बनाने के एक मामले में प्रधान समेत अन्य जिम्मेदार दोषी पाए गए थे। इस कार्य में लेखपाल की भी संलिप्तता पाई गई थी। यह जांच पीडी डीआरडीए ने की थी। बावजूद इसके एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट में क्षेत्रीय लेखपाल को जांचोपरांत क्लीन चिट दी है।
प्रकरण विकास खंड सिधौली की ग्रामसभा जजौर का है। यहां पीएम आवास योजना में अपात्रों को लाभ पहुंचाने की शिकायत हुई थी। इसकी जांच परियोजना निदेशक डीआरडीए ने की थी। इनकी जांच रिपोर्ट में ग्राम विकास अधिकारी भूपेन्द्र कुमार रस्तोगी, ग्राम पंचायत अधिकारी विवेक अवस्थी को दोषी बताते हुए ग्राम प्रधान आनंद कुमार एवं लेखपाल सच्चिदानंद दुबे की मिली भगत बताई गई थी।
लेखपाल ने डीएम के समक्ष अपना पक्ष रखा था। डीएम के आदेश पर 24 जनवरी को लेखपाल से स्पष्टीकरण प्राप्त कर उसका परीक्षण तहसीलदार व नायब तहसीलदार से कराया गया। आख्या के अनुसार प्रकरण में स्थलीय निरीक्षण 16 फरवरी को एसडीएम सिधौली ने किया।
ग्राम वासियों के बयान एवं क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण सहित अन्य बिन्दुओं को उल्लेख करते हुए एसडीएम सिधौली ने एडीएम को रिपोर्ट भेजी है। इसमें प्रथम दृष्टया क्षेत्रीय लेखपाल सच्चिदानंद द्विवेदी दोषी सिद्ध नहीं पाए गए हैं।