एक सप्ताह पहले लापता दो छात्राओं के मामला
सिधौली (सीतापुर)। एक सप्ताह पहले घर से कॉलेज के लिए निकली दो छात्राओं के रहस्यमय ढंग से लापता होने के मामले में पुलिसिया लापरवाही से खफा ग्रामीणों के सब्र का बांध आखिरकार शनिवार को टूट गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया।
खासे हंगामे के बीच कोतवाली प्रभारी द्वारा छात्राओं की बरामदगी के लिए 24 घंटे की मोहलत मांगने पर ग्रामीण शांत हुए। एक घंटे तक प्रदर्शन के दरम्यान कोतवाली में अफरातफरी का माहौल रहा। मालूम हो, कि क्षेत्र के टडई खुर्द में रहने वाली अंजू पुत्री रमेश तथा सावित्री पुत्री अवधेश गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं।
इंटरमीडिएट की यह दोनों छात्राएं रोजाना की तरह बीती 12 जनवरी को भी घर से कॉलेज के लिए निकली थीं। देर शाम तक दोनों छात्राएं वापस घर नहीं पहुंची तो परिवारीजनों द्वारा उनकी तलाश की गई। काफी तलाश के बाद भी छात्राओं का कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो घरवालों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी।
लापता छात्राओं के परिवारीजन का आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी में केस तो दर्ज कर लिया, मगर बरामदगी करने में लापरवाही बरत रही है। घरवालों का यहां तक आरोप है कि पुलिस ने छात्राओं को ट्रेस कर उनसे मोबाइल पर बात तक की है।
इसके बाद भी बरामदगी नहीं किया जाना पुलिसिया कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस की सुस्ती से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रधान शिव नारायण अवस्थी की अगुवाई में कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कोतवाली प्रभारी ने ग्रामीणों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। इस पर कोतवाल ने 24 घंटे के अंदर लापता छात्राओं की बरामदगी का आश्वासन दिया तब ग्रामीण शांत हुए। कोतवाली प्रभारी आमोद रंजन चौधरी ने बताया कि लापता छात्राओं की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।