गले में कसा था तार, दुष्कर्म की आशंका, पुलिस शिनाख्त में जुटी
रामकोट (सीतापुर)। थाना इलाके में एक युवती की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया। मंगलवार की सुबह उसका शव बरामद होने पर इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के गले में बिजली का तार बंधा पाया गया है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रामकोट थानाक्षेत्र के इमलिया नहर कोठी गांव के करीब मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने एक युवती का शव पड़ा देखा। युवती का आधा शरीर नहर के अंदर पानी में जबकि आधा बाहर पटरी पर था। शव बरामद होने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कम्प मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर जुट गए।
बिजली के तार से गला घोंटकर युवती की हत्या कर शव फेंका गया है। शव के गले में तार लिपटा पाया गया। करीब 32 साल की मृतका ने नीला कुर्ता, गुलाबी सलवार, काला स्वेटर व मोजे पहन रखे हैं। दाहिने हाथ की बीच वाली उंगली में पीले नग की एक अंगूठी भी पहनी हुई है। ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
सीओ सिटी व प्रभारी थानाध्यक्ष रामकोट ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की पहचान नही हो सकी है। सीओ सिटी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
बाग में मिली महिला की लाश
झरेखापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में मंसूरपुर गांव के बाहर एक बाग से अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। बताया जाता है कि लगभग 50 वर्षीया मृतका मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। पिछले कई दिनों से वह इसी गांव के आसपास भटकती नजर आ रही थी।
उसके शरीर पर हल्के पीले रंग का स्वेटर, सफेद सलवार तथा दोनों पैरों में लोहे के कड़े मिले हैं। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।