सिधौली (सीतापुर)। गांधी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख विजय पांडेय ने बच्चों को यूनिफॉर्म वितरित की। यहां के छह, सात व आठ कक्षा के 153 बच्चों को ड्रेस बांटी गई। ड्रेस पाकर नौनिहालों के चेहरे खिल उठे।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख विजय प्रकाश पांडेय ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य है। इनके कंधों पर देश की बागडोर है। उन्होंने कहा प्रत्येक विद्यार्थी को अपने शिक्षक एवं माता पिता के बताये गए रास्तों पर चलना चाहिए एवं उनका अनुसरण करना चाहिए। विद्यार्थी को सफल होने के लिए उसकी मेहनत के साथ साथ गुरुजनों एवं माता पिता का आशीर्वाद बहुत आवश्यक होता है। उन्होंने सभी बच्चो के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य केके शुक्ला ने सभी बच्चो को मेहनत से पढ़ाई करने को कहा, जिससे वे अपने माता पिता, शिक्षक एवं क्षेत्र का नाम रौशन करें। संचालन प्रखर प्रवक्ता शिक्षक राकेश पांडेय ने किया। ब्लॉक प्रमुख ने शिक्षक डीके सिंह को माला पहनाकर सम्मानित किया।
कॉलेज मे प्रतिदिन प्रार्थना कक्षा 12 बी की वंशिका सिंह, अदिति दीक्षित, निशा, अंजू और ढोलक पर अनिल श्रीवास्तव व जाग्रत मिश्र द्वारा संम्पन्न कराई गई। मुख्य अतिथि ने प्रार्थना करने वाली छात्राओं की प्रशंसा की। मुख्य अतिथि पांडेय को प्राचार्य डॉ. केके शुक्ला एवं शिक्षक राकेश पांडेय ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।