दुर्घटना में घायल एक महिला सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर
महोली/लहरपुर (सीतापुर)। जिले के विभिन्न इलाकों में मंगलवार को हुए सड़क हादसों में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को सीएचसी महोली से जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसों को अंजाम देने वाले दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। हालांकि चालक भाग निकलने में सफल रहे।
हरगांव थानाक्षेत्र के उदनापुर कोरैय्या निवासी बाबू अली का पत्नी रायतून (60) अपने रिश्तेदार मो. अली व तौफीक के साथ बाइक से अकबरपुर जा रही थी। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में मुन्नापुरवा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रायतून ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गई।
जबकि तौफीक व अली को उछलकर दूर गिरने से मामूली चोटें ही आई। घायल रायतून को सीएचसी ले जाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, महोली कोतवाली क्षेत्र के कोल्हौरा में रहने वाली बिट्टू (28) पत्नी राजेश कुमार अपनी डेढ़ साल की बेटी गुड़िया और चचेरी बहन भूरा (14) पुत्री गया प्रसाद के साथ साइकिल से बालाजी मंदिर नेवादा दर्शन करने गई थी। साइकिल भूरा चला रही थी। बिट्टू अपनी बेटी को गोद में लेकर पीछे कैरियर पर बैठी थी।
दर्शन कर वापस आते समय मंगलवार की शाम करीब 5 बजे हाईवे पर कारीपाकर के पास एक ट्रक ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में भूरा और गुड़िया की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। हादसे के बाद ट्रक मौके पर छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवक जख्मी
लहरपुर। कोतवाली इलाके में हरगांव मार्ग पर सोमवार की देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें तीन लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी से दो लोगों की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
हरगांव थानाक्षेत्र के सूजीपारा निवासी पंकज सोमवार रात बाइक से लहरपुर आ रहा था। कोतवाली लहरपुर के जफर निवासी बहलोलपुर व याकूब निवासी चिक्की टोला एक बाइक पर सवार होकर हरगांव की तरफ जा रहे थे। रास्ते में राजा भट्ठा के पास दोनों बाइकों में टक्कर हो गई।
इसमें तीनों लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए। यूपी-100 पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी लहरपुर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने पंकज व जफर की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।