गन्ना केंद्र पर मिली घटतौली
रामपुर मथुरा। विधायक सेवता ने गन्ना क्रय केंद्र रामपुर मथुरा ‘अ’ का औचक निरीक्षण कर घटतौली के साथ किसानों से गन्ना उतरवाई के नाम पर बड़े पैमाने पर वसूली का भंडाफोड़ किया।
विधायक ने चीनी मिल के उच्चाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने व गन्ना ढुलाई के लिए पर्याप्त परिवहन की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।
क्षेत्र पंचायत समिति रामपुर मथुरा की बैठक में प्रतिभाग करने के लिए यहां आए सेवता विधायक ज्ञान तिवारी को घेरकर किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र पर अनियमितता की शिकायत की थी।
जिसका संज्ञान लेते हुए विधायक ज्ञान तिवारी ने क्रय केंद्र पहुंचकर सर्वप्रथम अपनी चार पहिया गाड़ी को तौलाया। इस दौरान प्रति 20 क्विंटल पर एक क्विंटल की घटतौली पाई गई।
वहां मौजूद किसानों बलकार सिंह, हरिशंकर तिवारी, त्रिभुवन, सुंदरलाल मिश्रा आदि ने बताया कि क्रय केंद्र पर डनलप से गन्ना उतरवाई के नाम पर 100 से 200 रुपये और ट्राली से 500 रुपये से 600 रुपये तक लिए जाते हैं।
क्रय केंद्र पर दर्जनों ट्रालियां गन्ने से लदी हुई खड़ी थी। जिसमें लदा गन्ना चीनी मिल तक ले जाने के लिए क्रय केंद्र पर परिवहन की कोई व्यवस्था नहीं थी।
विधायक ज्ञान तिवारी ने इस संबंध में चीनी मिल के उच्च अधिकारियों को शीघ्र गन्ना ढुलाई कराए जाने और गन्ना उतरवाई के नाम पर की जा रही वसूली बंद करवाने के निर्देश दिए हैं।