फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: 16 सभासदों ने दी इस्तीफे की चेतावनी

Wed, 01 Apr 2026 12:12 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। खैराबाद नगर पालिका में उस समय राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई जब 16 सभासदों ने पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता उर्फ बबलू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को एक संयुक्त पत्र सौंपा है। सभासदों का आरोप है कि पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि नगर में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने उचित कार्रवाई न होने पर सामूहिक रूप से अपने पद से इस्तीफा देने की चेतावनी भी दी है।
विज्ञापन

सभासदों द्वारा जारी किए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि अभिषेक गुप्ता, जो किसी भी संवैधानिक पद पर नहीं हैं, पिछले लगभग तीन वर्षों से नगर पालिका प्रशासन पर अपना नियंत्रण बनाए हुए हैं। उनके द्वारा प्रतिदिन तीन गाड़ियों के काफिले, सरकारी गनर और हूटर बजाते हुए पालिका कार्यालय पहुंच कर रौब गालिब करने का भी आरोप है। पत्र में यह भी कहा गया है कि जो सभासद उनके गलत काम का विरोध करते हैं, उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है। सभासदों ने डीएम से पालिका कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच करवाकर उचित कार्रवाई की मांग की है।


सभासदों की चेतावनी और डीएम का आश्वासन

डीएम को सामूहिक पत्र सौंपने वाले सभासदों में विष्णु कुमार गौतम, उमेश जयसवाल, शबेनाज, मुर्सलीन, रोशन जहां, महरून निशां, शायरून निशां, हसीन अहमद, मोमिना, राशदुन निशा, साबिर अली, नासरा बानो, जफयाब बेग, मुन्नी, नसीम खां और फरजंद अली शामिल हैं। इन सभासदों ने कड़े शब्दों में कहा है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया और निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। जिलाधिकारी ने सभासदों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विज्ञापन



पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि का पक्ष

पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने आरोपों की गहनता से जांच की बात कही है। उन्होंने कहा कि वे भी मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं, जिससे स्पष्ट हो जाएगा कि सौहार्द कौन बिगाड़ रहा है। गुप्ता ने दावा किया कि कुछ सभासद झूठे आरोप लगा रहे हैं और उनके पास इसके साक्ष्य भी हैं। उन्होंने एक सभासद द्वारा माफीनामा लिखे जाने का भी उल्लेख किया। गुप्ता ने इन आरोपों को नजूल की जमीन पर की जा रही कार्रवाई से जोड़ा और कहा कि गरीबों का हक उन्हें दिलाकर रहूंगा । उन्होंने किसी भी दबाव में न आने और जो सही है, वही करने की बात दोहराई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें