सदरपुर थाना क्षेत्र में नई बस्ती अहेवा की घटना
महमूदाबाद (सीतापुर)। सदरपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह में मांगलिक फेरों की वीडियोग्राफी को लेकर घरातियों और बारातियों में विवाद हो गया। इसमें गालीगलौज के संग लाठी-डंडे चले गए। मारपीट में चार लोग जख्मी हो गए। घटना की सूचना विवाहिता के परिवारीजनों द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस ने तीन बरातियों के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू की।
सदरपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी भग्गन लाल की बेटी की शादी 19 जून को थी। महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के भुलभुलियापुर निवासी सिकंदर चौहान बारात लेकर नई बस्ती अहेवा आए थे। बारात गाजे बाजे के साथ उठी द्वारचार व बारातियों का स्वागत हुआ। तमाम बराती भोज के बाद वापस चले गए।
देर रात विवाह के मांगलिक फेरों की रस्म हो रही थी, इसी बीच दूल्हा सिकंदर के कुछ साथी फेरों का वीडियो बनाने लगे। दुल्हन के घर वालों ने वीडियो बनाने से मना किया तो गालीगलौज के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया।
दोनों पक्षों में हुई मारपीट में लड़की पक्ष के ओमप्रकाश (50), विक्रम (45), नागेंद्र (25), चन्द्रप्रकाश (23) घायल हो गए। घायलों में ओमप्रकाश व विक्रम के सिर फटे गए। ओमप्रकाश की तहरीर पर सदरपुर पुलिस ने तीन के विरुद्ध एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू की।