कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर सो रहे एक दिव्यांग किशोर को मंगलवार की रात कुछ दबंगों ने दो गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के पिता ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। घटना के पीछे वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है।
सूचना पाकर सीओ सदर महेंद्र प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर धर्म प्रकाश शुक्ला ने गांव जाकर जांच की है। महोली कोतवाली क्षेत्र के दौली गांव निवासी हर्षित गुप्ता (15) पुत्र बबलू गुप्ता मंगलवार की रात घर के बाहर सो रहा था।
रात करीब 11 बजे कुछ लोग आए और किशोर को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। एक गोली किशोर की कनपटी पर लगी तो दूसरी गोली पेट में मारी गई। इससे किशोर की मौके पर ही जान चली गई।
घटना को लेकर मृतक के पिता का कहना है कि उसका गांव के ही सोनू व कुलदीप आदि से विवाद चल रहा था। रात को ये लोग सिंचाई के लिए डीजल के पैसे मांगने के लिए उसके घर पहुंचे और दरवाजा खुलवा लिया।
उसके बाद परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दबंगों ने उसके बेटे हर्षित पर फायरिंग कर दी। दो गोली लगने से उसके बेटे की मौत हो गई।
इस बाबत उसने गांव के ही सोनू, सनी, कमलेश, संजय, कुलदीप व राकेश के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज कराया है। वैसे घटना को लेकर कुछ और भी चर्चाएं हैं। उन चर्चाओं को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर धर्म प्रकाश शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। दिव्यांग किशोर को दो गोलियां मारी गईं जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।