मिश्रिख (सीतापुर)। गन्ने की सिंचाई करने खेत गए एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह युवक का शव खेत से बरामद होने पर सनसनी फैल गई। युवक शरीर पर जख्म के निशान मिले हैं। युवक की पत्नी ने खेत मालिक पर हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के किशुनपुर गांव में रहने वाला संतोष (30) पुत्र माधव सोमवार रात गांव के ही हिमांशु यादव के साथ उसके गन्ने की सिंचाई के लिए मजदूरी पर गया था। मंगलवार सुबह संतोष का शव गन्ने के खेत से कुछ दूरी पर लहूलुहाल हालत में पड़ा पाया गया।
उसके सिर व शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से प्रहार करने से गहरे जख्म पाए गए हैं। पुलिस ने घटना स्थल की जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी पत्नी ने हिमांशु यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार राय ने बताया तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के मुताबिक रात करीब तीन बजे तक वे लोग साथ थे। इसके बाद संतोष को खेत में छोड़कर वह घर चला गया था। कोतवाल ने बताया घटना की जांच की जा रही है।