रामपुर मथुरा (सीतापुर)। थाने से महज चार सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक घर में घुसकर चोरों ने रविवार रात साढ़े पांच लाख से अधिक का माल पार कर दिया।
सुबह जब लोग सोकर उठे तब घटना की जानकारी हुई। थाने के करीब हुई इस घटना से पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल की है।
रामपुर मथुरा कस्बा निवासी रमेश पुत्र खजान का थाने से महज करीब चार मीटर की दूरी पर घर है। रात को गर्मी के चलते परिवार के लोग मकान की छत पर सो रहे थे।
इसी बीच चोर किसी तरह मौका पाकर रमेश के घर घुस गए। घर में रखी अलमारी का लॉक तोड़ कर चोरों ने उसमें से एक लाख 25 हजार की नकदी, जेवर, 50 किलो मेंथा ऑयल सहित करीब पांच लाख साठ हजार का माल पार कर दिया।
सुबह जब यह लोग सोकर उठे तब घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को बताया गया। पुलिस ने जांच पड़ताल की है, लेकिन थाने के करीब हुई इस घटना को लेकर लोगों में खासी नाराजगी है।
जब थाने के पड़ोस के लोगों के घर सुरक्षित नहीं हैं तो पूरे क्षेत्र की स्थिति क्या होगी। एसओ ओपी राय की सक्रियता पर लोग सवाल उठा रहे हैं। एसओ ओपी राय का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।