खैराबाद (सीतापुर)। सात गायों की मौत के बाद पावर कॉर्पोरेशन जाग गया है। ने गोशाला के ऊपर से तार हटाकर एबी केबल डाल दिया है। आंधी-पानी पर भी इसके टूटने की संभावना नहीं रहती है। मृत गायों को दफना दिया गया है।
नगर में बिसवां मार्ग के करीब मुर्गी फार्म में गोशाला संचालित है। सात जून की रात आई आंधी से गौशाला के ऊपर से निकली एलटी लाइन का तार आंधी में टूटकर गिर गया था।
इन तारों की चपेट में आकर गोशाला की सात गायें मर गई थीं। हादसे के बाद गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम अखिलेश तिवारी ने एसडीओ विद्युत को फटकार लगाई थी।
डीएम के निर्देश पर पावर कॉर्पोरेशन की ओर से गोशाला के ऊपर से गुजरी एलटी लाइन हटा दी गई है। गोशाला की चारदीवारी के ऊपर करीब 100 मीटर लंबा एबी केबल डाली गई है।
जेई एसके पाल ने बताया एबी केबल रबर व प्लास्टिक की एक मोटी परत से ढके तारों का जाल होता है। केबल के तार इसी परत से चारों तरफ से बंद रहते है।
इस केबल के आंधी में टूटने की संभावना नहीं रहती है। मृत गायों का पोस्टमार्टम कराने के बाद मेला मैदान के करीब उनके शव दफना दिए गए हैं।