सीतापुर। उमस भरी चिपचिपी गर्मी से लोग बेहाल है। शनिवार को सुबह कुछ देर बाद ही चिलचिलाती धूप से लोग परेशान होने लगे। पारा एक डिग्री उछलकर 41 पर पहुंच गया। पूरे दिन भीषण गर्मी और उमस से लोग बेचैन रहे। इस बीच ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटे तक लगातार बिजली कटौती ने लोगों को पसीने से तरबतर कर दिया।
शनिवार को पूरे दिन चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने आम जनजीवन बेपटरी कर दिया। पंखे व कूलर तक गर्मी से राहत नहीं दे पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में दिन में कई बार बिजली गुल होने से लोग परेशान हो उठे। शहर की सड़कों पर दोपहर को आवाजाही बेहद कम रही।
शाम छह बजे के आसपास सुकून की तलाश में लोग खुले स्थानों की ओर निकल आए। लिहाजा पार्क और खेल के मैदान, स्टेशन के खुले इलाके देर शाम तक लोगों की भीड़ से गुलजार रहे। हालांकि देर रात तक गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली।
भीषण गर्मी से इंसानों के अलावा पशु-पक्षी भी व्याकुल हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आने वाले दिनों में पारा चढ़ने से गर्मी के तेवर और तल्ख होने के आसार हैं।