महमूदाबाद में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत का मामला
महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के सैदनपुर व सेजौरा गांव में जहरीली शराब के सेवन से हुई चार मौतों व कई लोगों के बीमार होने की घटना के मास्टरमाइंड के बेटे की निशानदेही पर भारी मात्रा में जहरीली शराब बरामद की गई है। बरामद शराब कानपुर से लाकर बेचने का कार्य किया जा रहा था।
कोतवाली प्रभारी अरुण द्विवेदी ने बताया कि पैंतेपुर के जैनी टोला निवासी कन्हैया लाल पुत्र कल्लू के विरुद्ध 26 मई 19 को चंद्रशेखर ने तहरीर दी थी, कि उसने अपने भाई विनोद के साथ कन्हैया के यहां खरीद कर शराब पी थी। जिसके बाद बीमार होकर विनोद की जान चली गई थी।
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कन्हैया, उसकी पत्ती शर्मा देवी, बेटे नवनीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुखबिरों से सूचना मिल रही थी कि बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के रानीगंज में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों व महमूदाबाद क्षेत्र के सैदनपुर व सेजौरा में शराब पीने से हुई मौतों का आपस में संबंध है।
पुलिस द्वारा इस मामले में दबोचे गए अतुल की निशानदेही पर तीन जरीकेन में करीब 55 लीटर, एक अदद ड्रम क्षमता 200 लीटर बरामद की। कोतवाल ने बताया कि बरामद स्प्रिट/अल्कोहल की जांच के बाद जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि यह काफी खतरनाक पदार्थ है।
पुलिस को अतुल ने बताया कि कानपुर से दो ड्रम अल्कोहल आया था। एक ड्रम मेरे परिवार ने लिया था और दूसरा ड्रम रानीगंज बाराबंकी ले जाया गया था। बड़ी मात्रा में अल्कोहल बरामद करने वाली टीम में एसएचओ अरुण द्विवेदी व उनकी टीम शामिल थी।