सिधौली (सीतापुर)। दिल्ली से कमाकर घर लौट रहा एक युवक जहरखुरानी का शिकार हो गया। जहरखुरानों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और 40 हजार रुपये की नगदी समेत सामान लूट लिया।
बस चालक सिधौली बस स्टॉप पर युवक को उतार कर चला गया। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। युवक की हालत खतरे से बाहर है।
नगर के रोडवेज बस स्टॉप पर बुधवार की सुबह एक युवक बेसुध हालत में पड़ा देखा गया। नागरिकों ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार युवक जहरखुरानी का शिकार था।
प्राथमिक उपचार के बाद होश में आने पर युवक ने नाम अजय चौरसिया बताया। अजय के मुताबिक वह जिला रायबरेली के बछरावां का रहने वाला है। काम करने दिल्ली गया था।
ईद के एक दिन पहले छुट्टी लेकर वह घर के लिए रवाना हुआ। लखनऊ रोडवेज बस स्टॉप पर एक व्यक्ति ने दोस्ती बनाकर उसे कोल्ड ड्रिंक पिला दी।
इसके बाद उसे कुछ याद नहीं। युवक के बताया कि उसके पास 40 हजार रुपये नगदी, कपड़े व कुछ अन्य सामान था, जो गायब है। हालत सामान्य होने पर बुधवार की शाम युवक घर के लिए रवाना हो गया।