सीतापुर। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य अभियंता व मुख्य संचालन मंगलवार को सीतापुर दौरे पर आएंगे। वे सीतापुर-लखीमपुर तक मोटर ट्रॉली से ट्रैक का मुआयना करेंगे। उनके इस दौरे से रूट पर जल्द ही ट्रेनों के दौड़ाए जाने की उम्मीद है।
ऐशबाग वाया सीतापुर-लखीमपुर-मैलानी-पीलीभीत-बरेली-कॉसगंज मीटर गेज रूट को ब्रॉडगेज में तब्दीली करने की कवायदें चल रही हैं। ये आमान परिवर्तन कार्य कई चरणों में कराया जा रहा है।
पहले चरण में ऐशबाग-सीतापुर तक ट्रैक को मीटर गेज से ब्रॉडगेज में तब्दील कर इस रूट पर चार जोड़ी रेलगाड़ियां दौड़ाई जा रही है। दूसरे चरण में सीतापुर-लखीमपुर तक ट्रैक का भी आमान परिवर्तन कार्य पूरा कर लिया गया है।
मार्च में हुए सीआरएस के मुआयने में इस ट्रैक को हरी झंडी देकर ओके कर दिया गया है। इस रूट पर 90 किमी प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेनें दौड़ाए जाने की अनुमति भी मिल चुकी है।
इसी के मद्देनजर मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के चीफ इंजीनियर एसके पांडेय व मुख्य संचालन प्रबंधक एके सिंह सीतापुर दौरे पर आएंगे।