महमूदाबाद (सीतापुर)। मोहल्ला सलाउद्दीनपुर में मेंथा की टंकी फटने से दो लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया। टंकी फटने का धमाका इतनी तेज था कि करीब एक किमी. तक उसकी गूंज सुनाई दी। टंकी की तली अलग होने से वह काफी ऊपर तक उछल गई।
सलाउद्दीनपुर निवासी मेंथा किसान श्यामलाल गांव के पूरब सड़क किनारे लगी दिलीप कुमार की मेंथा टंकी पर फसल की पेराई कर रहा था। सोमवार दोपहर दो बजे श्यामलाल ने मेंथा फसल व पानी भरा था। टंकी को गर्म करने को भट्ठी जल रही थी। करीब चार बजे एकाएक टंकी तेज आवाज के साथ फट गई।
टंकी फटने से तली नीचे रह गई जबकि शेष हिस्सा हवा में उछल गया। तेज आवाज के कारण बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। टंकी फटने से वहां पर मौजूद राहुल (18) व देवेन्द्र (60) गंभीर रूप से झुलस गए। निजी अस्पताल में घायलों की नाजुक हालत देख चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया।