नैमिषारण्य (सीतापुर)। मिश्रिख इलाके में शनिवार देर रात सब्जी लेकर घर लौट रहे बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ब्लेड के तार पर जा गिरे। जिससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसके तीन अन्य साथी जख्मी हो गए। उधर, युवक की मौत की खबर पाकर बदहवास उसके चाचा ने जहर खा लिया। जिन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
मिश्रिख कोतवाली इलाके के भैरमपुर निवासी तकदीर (20) पुत्र श्रीपाल बाइक से शनिवार को क्षेत्र के ही औरंगाबाद सब्जी खरीदने गया था। उसके साथ उसके तीन अन्य साथी सुनील, आलोक व रामकोट के बिशुनपुर निवासी मोहित भी थे।
सब्जी लेकर देर रात यह लोग वापस जा रहे थे। जब यह लोग क्षेत्र के अरबगंज के पास पहुंचे, तभी एक आम बाग के पास मोड़ पर इनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। लेकिन बाइक पर सवार तकदीर पास में ही लगे ब्लेड के तार पर जा गिरा। जिससे उसकी तार में कट कर मौत हो गई। उसके दो साथी वहां से भाग कर गांव पहुंचे और खबर दी। मोहित भी हादसे में जख्मी हुआ। उसको जिला अस्पताल भेजा गया।
खबर पाते ही वहां ग्रामीण व पुलिस पहुंच गई। इस हादसे की खबर पाकर मृतक तकदीर के चाचा सुकवासी (35) पुत्र बदलू ने भतीजे के वियोग में जहर खा लिया। पुलिस फौरन उनको सीएचसी भेजा। वहां से उनको जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोतवाल ब्रजेश राय का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।