सीतापुर। अनुदान पर कृषि यंत्र लेने के लिए ई लॉटरी के मार्फत 131 पात्रों का शुक्रवार को चयन किया गया। जो किसान लॉटरी से चयनित हुए, वे खुश नजर आए। उनका कहना है कि कृषि यंत्रों से बेहतर ढंग से खेती हो सकेगी। 664 किसानों की ओर से ऑनलाइन आवेदन किए गए। 155 किसानों का कृषि यंत्र के लिए चयन हुआ है।
आवेदन करने वाले किसानों और समिति के सदस्यों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में बुकिंग के सापेक्ष ई लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया गया। यंत्रवार और ब्लॉकवार ई लॉटरी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
ई लॉटरी में परसेंडी विकास खंड के संजय कुमार को कस्टम हायरिंग केंद्र, हरगांव विकास खंड के रमेश को कल्टीवेटर, पहला विकास खंड की कामना को कल्टीवेटर, रेउसा विकास खंड के मूलचंद्र को रोटावेटर, एलिया विकास खंड के ग्राम कुसुमा निवासी राजदीपक यादव को सुपर सीडर प्राप्त हुआ।
इसी तरह पिसावां के रजनीश, परसेंडी की मिथलेश कुमारी, रामपुर मथुरा की अमीना सहित अन्य किसानों का चयन किया गया। 131 किसानों का ई लॉटरी से चयन किया गया। तकरीबन 24 किसानों का स्वतः चयन हुआ है। इस मौके पर उप कृषि निदेशक डॉ. एसके सिंह, जिला उद्यान अधिकारी राजश्री व प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।