महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महमूदाबाद इलाके के मछली मंडी बाबाकुटी निवासी रामकरन (45) पुत्र झकरी अपने घर के सामने की सड़क पार कर रहा था। इस बीच तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं इलाके के गजराजपुर निवासी हरखराम (55) पुत्र बच्चू ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर जा रहा था। इस बीच सिधौली मार्ग पर गल्ला मंडी के करीब वह गिर गया और उसके ऊपर से ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकल गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को महमूदाबाद सीएचसी लेकर आ रही थी। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।