सदरपुर में ओवरलोड टेंपो पलटने से घायल हुए थे 12 लोग
सदरपुर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में बुधवार को एक ओवरलोड टेंपो के पलटने से घायल हुए 12 लोगों में से जख्मी मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया हैै। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिवारीजनों को सौंप दिया है।
सदरपुर इलाके में बकहुआ बाजार के पास बुुधवार को एक ओवरलोड टेंपो पलटने से सदरपुर के ग्राम अंगेथुआ निवासी संगीता (25) पत्नी सरजू, उनका बेटा भूपेंद्र (2), हरैया निवासी रामदीन (30) घायल हो गए थे। घायलों को महमूदाबाद सीएचसी से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। जहां पर देर रात भूपेन्द्र की मौत हो गई थी।
बताया जाता है कि परिवारीजन शव लेकर घर पहुंचे थे, इस बीच मनहूस खबर मिली कि हादसे में घायल संगीता की भी मौत हो गई है। मां-बेटे की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग जख्मी हुए थे। जिसमें से तीन लोगों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया था।