करीब दो घंटे तक सिधौली-बिसवां मार्ग पर अफरातफरी का रहा माहौल
कमलापुर (सीतापुर)। थाना इलाके में सिधौली-बिसवां मार्ग पर रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत भाग गया। गुस्साए परिवारीजनों ने शव उठाने से मना करते हुए घटनास्थल पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसकी खबर पाकर एसडीएम सिधौली व चार थानों की पुलिस पहुंच गई। मृतक के परिवारीजनों से वार्ता कर एसडीएम ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और जाम हटाया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई। राहगीरों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ी।
थानाक्षेत्र के ढिवाही मजरा बरेठी में रहने वाला पुत्तीलाल (50) पुत्र हरदीन शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्कूटी से एक शादी समारोह में शामिल होने रामपुरवा थाना मानपुर जा रहा था। सिधौली-बिसवां मार्ग पर पांचपीर गांव के करीब बिसवां की ओर से आ रही रोडवेज बस ने स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी।
इस हादसे में पुत्तीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक हादसे को अंजाम देकर मौके से वाहन समेत भाग निकला। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिवारीजनों ने पुलिस को शव उठाने से मना करते हुए सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से अफरातफरी का माहौल बन गया। मार्ग जाम होने की खबर पाकर एसडीएम सिधौली के साथ कमलापुर, अटरिया, रामपुर कला तथा सिधौली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एसडीएम एआर फारूखी ने मृतक के परिवारीजनों को समझाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटाया गया। थाना प्रभारी संजीत कुमार सोनकर ने बताया कि बस पहचान कर ली गई है, तलाश की जा रही है।
ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला
महोली। कोतवाली व नगर में रिश्तेदारी से वापस घर जा रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जिला हरदोई के थाना पिहानी अंतर्गत बुखारपुर निवासी अवधेश (30) पुत्र हाकिम खपूरा गांव अपनी रिश्तेदारी में आया था।
शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वापस जाते समय नगर के बस स्टॉप पर ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में अवधेश की मौत हो गई। इसके बाद चालक मौके पर ट्रक छोड़कर भाग गया। कोतवाली प्रभारी धर्मप्रकाश शुक्ल ने बताया कि ट्रक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वाहन की टक्कर से युवक की जान गई
रेउसा। थानाक्षेत्र थानगांव के डेलिया गांव निवासी मुर्तजा (45) पुत्र मिट्ठू शुक्रवार को साइकिल से रेउसा बाजार आया था। देर शाम वापस जाते समय बहराइच-रेउसा मार्ग पर भरथा गांव के करीब किसी वाहन की टक्कर से वह बुरी तरह से जख्मी हो गया।
घरवाले उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को सूचना दिए बगैर घरवालों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया है। एसओ विनोद कुमार मिश्र ने बतायाकि मृतक के घरवालों ने घटना की जानकारी नही दी है।
ट्रक का केबिन काटकर सात घंटे बाद बाहर निकाले गए चालक-खलासी
रेउसा। थाना इलाके में शुक्रवार रात एक ट्रक सड़क से उतरकर गड्ढे में पलट गया। चालक व खलासी ट्रक के केबिन में फंस गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाल लिया। हादसे में जख्मी चालक व खलासी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जिला कानपुर देहात के थाना बिल्लौर के इंदूपुर गांव निवासी चालक गोपी और खलासी शीबू गाजियाबाद से परचून का सामान लादकर बहराइच जा रहे थे। शुक्रवार की देर रात करीब 12 बजे रेउसा थानाक्षेत्र के गोबरहिया पुल के करीब अचानक ट्रक सड़क से नीचे उतरते हुए गहरे गड्ढे में पलट गया।
चालक व खलासी ट्रक के केबिन में फंस गए। इलाकाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें निकालने की कवायद शुरू कर दी। खबर पाकर एसपी ने थानगांव, सदरपुर, सकरन, बिसवां पुलिस भी मदद के लिए मौके पर भेज दी।
करीब सात घंटे तक मशक्कत के बाद केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला जा सका। एसपी ने इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उपनिरीक्षक अजय कुमार, नेम सिंह, हेड कांस्टेबल सुदामा व कामता को सम्मानित करने की बात कही है।