हजारों की नकदी समेत लाखों की नुकसान
सेवता/रेउसा (सीतापुर)। थाना इलाके में अज्ञात कारण से लगी आग में तीन मकान जलकर राख हो गए। अग्निकांड में हजारों की नकदी समेत करीब तीन लाख की सम्पत्ति के नुकसान का अनुमान है। स्थानीय थानाक्षेत्र के कीढ़ीपुरवा मजरा सेवता निवासी संबारी के घर में शुक्रवार को अचानक आग लग गई।
घरवाले जब तक कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप घारण कर दिया। जिससे पड़ोस में रहने वाले उसके भाई मुल्लू व लड़के राकेश के घर भी चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई।
कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। मगर तब तक तीनों घरों की सारी गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी। पीड़ितों के मुताबिक इस घटना में 18 हजार रुपये की नगदी, अनाज, बर्तन, कपड़े आदि करीब तीन लाख की सम्पत्ति का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है।