दिवाली बाद मिलें शुरू करेंगे नया पेराई सत्र
सीतापुर। डालमिया चीनी मिल रामगढ़ व जवाहरपुर ने मंगलवार को 14.70 करोड़ रुपये का बकाया गन्ना भुगतान किया। रामगढ़ चीनी मिल ने 26 अप्रैल और जवाहरपुर चीनी मिल ने 25 अप्रैल तक बकाया पेमेंट किया। यह रकम गन्ना काश्तकारों के खातों में स्थानांतरित की गई है।
साथ ही चीनी मिलें नया पेराई सत्र भी दिवाली बाद शुरू करेंगी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी शीतल वर्मा ने पेराई सत्र 2017-18 के अवशेष गन्ना मूल्य एवं कमीशन का भुगतान का भुगतान चीनी मिलों को तत्काल करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में चीनी मिलों के आगामी पेराई सत्र के संचालन के बाबत निजी क्षेत्र की चीनी मिल प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि बॉयलर पूजन का कार्य हो गया है तथा चीनी मिलें दीपावली के उपरांत तत्काल पेराई कार्य प्रारंभ करेंगी। जबकि चीनी मिल प्रतिनिधि महमूदाबाद ने अवगत कराया कि आगामी 2-3 दिन में बॉयलर पूजन का कार्य हो जाएगा।
डीएम ने राजस्व अभिलेखों के मिलान, अंतिम कलेंडर वितरण, पर्ची वितरण आदि गहन समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत राजस्व अभिलेखों का मिलान एवं कृषकों से घोषणा-पत्र भराए जाए। जो कृषक घोषणा पत्र नहीं भरेगा। उसका सट्टा आगामी पेराई सत्र में संचालित नहीं होगा।
चीनी मिल प्रतिनिधियों को मिल यार्ड में किसान भवन बनाये जाने, स्वच्छ जल, साफ-सफाई व्यवस्था करने तथा आगामी पेराई सत्र में तौल कर्मियों के लाइसेंस निर्गत को सूची उपलब्ध कराने निर्देशित किया। गन्ना कृषकों से गुजारिश की जिन कृषकों ने अभी तक घोषणा पत्र जमा नहीं किया है वो सर्वेक्षण कर्मी समिति कर्मी अथवा परिषद समिति कार्यालय में तत्काल जमा कर दें।