बूथों पर मवेशियों के गड़े मिले खूंटे
सीतापुर। संयुक्त मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर के पोलिंग बूथों के मुआयने में तमाम खामियां मिलीं। कहीं पर बूथों पर गंदगी पाई गई तो कहीं पर हैंडपंप खराब थे।
प्रकाश व्यवस्थाएं भी नदारद मिलीं। इसके अलावा कैंपस में मवेशियों के खूंटे भी लगे मिले। इस पर दोनों अफसरों ने खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
जॉइंट मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी व एसडीएम सदर प्रभाकांत अवस्थी ने बुधवार को शहर के तीन बूथों का मुआयना किया। सरस्वती विद्या मंदिर तरीनपुर के बूथ पर तो व्यवस्थाएं ठीक मिलीं पर आरआरडी कॉलेज के बूथ पर उन्हें गंदगी मिली।
इसके अलावा पानी की व्यवस्थाएं भी ठीक नहीं थी। उन्होंने दोनों व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को कहा। जॉइंट मजिस्ट्रेट ने प्राथमिक विद्यालय तरीनपुर का निरीक्षण किया।
यहां पर उन्होंने गंदगी तो पाई ही, साथ ही कैंपस में मवेशियों को बांधने के लिए लकड़ी के खूंटे भी लगे पाए। यही नहीं प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं मिली। इस पर उन्होंने उसे ठीक करने को कहा।