सीतापुर। दिवाली से पहले मरम्मत के नाम पर जमकर बिजली कटौती की जा रही है। रविवार को पांच से सात घंटे की कटौती शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में हुई। इससे 150 से अधिक गांव प्रभावित हुए।
बिजली न होने से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ। वहीं, दिन में पानी व मोबाइल रिचार्ज का संकट भी उत्पन्न हुआ। देवरिया व सरैंया कादीपुर उपकेंद्र से जुड़े गांवों की बिजली सुबह 10 से शाम पांच बजे तक गुल रही। क्षेत्र के निवासी रमेश ने बताया कि लंबी कटौती के कारण मोबाइल डिस्चार्ज हो गया।
33केवी पोखरा/केदारपुर में सुबह 10 से शाम चार बजे तक कटौती हुई। इलाके के उपेंद्र ने बताया धनतेरस दो दिन बाद है। बिजली कटौती से ग्राहकों का आर्डर समय पर पूरा नहीं कर पा रहे हैं। इसी तरह खैराबाद, मछरेहटा, मिश्रिख आदि इलाकों में पेड़ों की छटाई के चलते दो से तीन घंटे की कटौती हुई।
630 केवीए ट्रांसफार्मर की हुई मरम्मत
पुराने सीतापुर के कोट चौराहे पर रखे 630 केवीए ट्रांसफार्मर की रविवार को मरम्मत हुई। इसके चलते दोपहर दो से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही। इससे कोट चौराहा, कोट कोहना चौकी, जोगी टोला, कसाई बाड़ा व कजियारा आदि इलाके प्रभावित हुए।
धनतरेस से मिलेगी भरपूर बिजली
इस समय मरम्मत का काम चल रहा है। धनतेरस से भरपूर बिजली देने का प्लान बनाया है। इसी वजह से शटडाउन लिया जा रहा है।
रामशब्द, अधीक्षण अभियंता