सीतापुर। ब्लॉक मुख्यालय रेउसा के बाजपेई नगर स्थित खेल मैदान में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेउसा, रामपुर मथुरा, बेहटा, बिसवां, लहरपुर और सकरन ब्लॉक के 150 जोड़ों ने एक दूजे का हाथ थाम कर जीवन भर साथ रहने की कस्म खाई। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में सेवता विधायक ज्ञान तिवारी मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत अधिकारी विनोद यादव ने बताया कि समारोह के लिए कुल 159 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था। इनमें 140 हिंदू जोड़ों का विवाह गायत्री पीठ के आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कराया। वहीं, 10 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इस तरह कुल 150 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। विवाह के बाद प्रत्येक नवविवाहिता के खाते में 60 हजार रुपये की धनराशि, 25 हजार रुपये कीमत की घर गृहस्थी की सामग्री के साथ जीवन भर खुश रहने का आर्शीवाद देकर युगल जोड़ों को विदा किया गया। विवाह में शामिल वर व वधू पक्ष के खानपान की व्यवस्था भी प्रशासन की तरफ से कराई गई। समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल, बीडीओ प्रवीण जीत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।